सैदनगर। अजीमनगर थाना क्षेत्र में घरेलू कलह के चलते विवाहिता को फंदे पर लटकाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मायके पक्ष के लोगों द्वारा तहरीर दी गई है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी।
भोट थाना क्षेत्र के सनैया अहमद गांव निवासी मोहम्मद इरफान ने अपनी बेटी रफत जहां की शादी करीब चार साल पहले अजीमनगर थाना क्षेत्र के देवरनिया शुमाली गांव निवासी अकबर अली उर्फ बाबू के साथ की थी। बुधवार रात को रफत जहां की मौत की सूचना मायके पक्ष के लोगों को हुई। जिस पर वो तुरंत देवरनिया शुमाली गांव पहुंच गए। मायके पक्ष के लोगों के अनुसार रफत जहां के गले में रस्सी का फंदा बनाकर घर की छत पर लगे कुंडे से डालकर फंदा लगाकर उसकी हत्या की गई थी। मायके पक्ष के लोगों ने रफत जहां के गले पर रस्सी के फंदे के निशान देखे जाने का दावा भी किया है। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर सीओ स्वार धर्म सिंह मार्छाल और अजीमनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की सूचना पर नायब तहसीलदार संजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। रफत जहां के पिता मोहम्मद इरफान ने रफत जहां के ससुरालियों के खिलाफ उसकी बेटी की फंदा लगाकर हत्या करने के आरोप में तहरीर दी है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर किए जाने की बात कही है।