सीबीएसई 12 वीं के नतीजे में रामपुर जनपद ने मुरादाबाद मंडल में झंडे गाड़े। रामपुर के दयावती मोदी अकादमी की मनविंदर कौर 98 फीसदी अंक के साथ मुरादाबाद मंडल में टॉपर बनी हैं। इसी स्कूल के हर्ष शर्मा ने 96.8 फीसदी अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। जिले की टाप टेन सूची में इस वर्ष दयावती मोदी अकादमी ने अपना दबदबा बढ़ाया है। वहीं मुरादाबाद में भी शुभि अग्रवाल ने जिला टॉप किया है।
सीबीएसई बोर्ड के घोषित परिणाम में दयावती मोदी अकादमी की 12 वीं की छात्रा मनविंदर कौर ने 98 फीसदी अंक जिले सहित मंडल में सर्वाधिक अंक हासिल किए हैं। जिले की टाप टेन सूची में दयावती मोदी अकादमी के हर्ष शर्मा व राघव गुप्ता ने अपना स्थान बनाया है। हर्ष व राघव ने 96.8 फीसदी अंक हासिल किए हैं।
टाप टेन सूची में तीसरे स्थान पर ग्रीनवुड स्कूल की नेहा अरोड़ा का नाम आया है। नेहा ने 96.6 फीसदी अंक हासिल किए हैं। चौथे स्थान पर सेंटमेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की सिदरा बी और दयावती मोदी अकादमी के शिवांश चांदीवाला रहे हैं। इन दोनों ने 96 फीसदी अंक हासिल किए हैं। इस तरह सीबीएसई की 12 वीं के रिजल्ट में टाप टेन सूची में डीएमए का कब्जा रहा है। सीबीएसई की परीक्षा में इस दफा 1902 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें करीब 90 फीसदी से ज्यादा बच्चों ने सफलता हासिल कर ली है। रिजल्ट घोषित होने के बाद टॉपरों के साथ ही इस परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले बच्चों व उनके परिवार के लोगों के चेहरे खिल उठे हैं।