लोगों ने मचाया शोर, लेकिन तब तक लगा चुका था छलांग
पुल से कूदने का यह मामला शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे का है। राम रहीम पुल पर एक युवक रुका और फिर अचानक युवक ने पुल की बाउंड्री बाल पर चढ़कर नीचे से गुजर रहे हाईवे की ओर छलांग लगा दी। युवक के छलांग लगाते ही लोगों ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक वह युवक कूद चुका था।
नीचे से बरेली जा रही बस की छत पर गिरा युवक
गनीमत यह रही कि छलांग लगाते ही युवक बरेली की ओर जा रही रोडवेज की बस की छत पर गिर गया। बस की छत पर युवक के गिरने से धमाके की आवाज से सवारियां डर गईं। चालक ने आनन-फानन में बस रोक लिया। यात्रियों के साथ उतरे चालक व परिचालक ने देखा कि बस की छत पर युवक गिरा हुआ पड़ा है। सिविल लाइंस थाने के सामने की घटना होने की वजह से पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से युवक को गंभीर हालत में ही छत से नीचे उतरवाया और फिर उसे एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा।
भाई की साली से करता है प्रेम
सिविल लाइंस थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव का है। पुलिस के अनुसार युवक का कहना है कि वह अपने भाई की साली से दो साल से प्रेम करता है। वह आत्महत्या करने के लिए पुल पर पहुंच गया। पूछताछ में प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।