पटवाई। शादी का झांसा देकर लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पटवाई क्षेत्र के एक परिवार को निशाना बनाने वाले इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मामला दो महीने पुराना है। भैय्यानगला निवासी अनिल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उन्होंने अपने छोटे भाई का रिश्ता मुरादाबाद के मझौला निवासी शिवान्या से तय किया था। शादी तय होने पर लड़की पक्ष ने शादी खर्च के रूप में 1.77 लाख रुपये ले लिए। शादी से एक दिन पहले लड़की के भाई ने बताया कि लड़की घर से भाग गई है।
जब परिवार वाले मुरादाबाद में बताए गए पते पर पहुंचे तो पता चला कि वह परिवार किराए पर रहता था और चला गया है। पैसे वापस मांगने पर परिवार पक्ष ने रेप के मामले में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस ने बुधवार को दिल्ली-बरेली हाईवे पर नितिन उर्फ अनितेक और सुहानी उर्फ शिवान्या को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि यह गिरोह शादी के बहाने लोगों को लूटता था। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।