घर की छत पर बैठकर साले-बहनोई के बीच बातचीत हो रही थी। कुछ देर बाद जीजा नीचे आ गया लेकिन साला गंभीर हालत में पड़ा हुआ तड़पता रहा। परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के अपलगढ़ गांव में जीजा द्वारा साले की हत्या करने का मामला सामने आया है। शनिवार रात जीजा अपने साले को छत पर ले गया था। इसके बाद वह खुद तो नीचे आ गया लेकिन, साला नहीं आया। परिजन जब छत पर गए तो वहां पर साला गंभीर हालत में पड़ा हुआ था।
विज्ञापन
परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने जीजा पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हत्या की वजह आरोपी के ससुराल पक्ष की संपत्ति का लालच बताया जा रहा है।
अपलगढ़ गांव निवासी रामगोपाल का आरोप है कि कोतवाली टांडा क्षेत्र के नगला गांव निवासी उसका दामाद नंदकिशोर उसके घर आया हुआ था। शनिवार रात में उसका बेटा अर्जुन (20) और उसका दामाद नंदकिशोर छत पर कुर्सी पर बैठे थे, जबकि परिजन नीचे घर में थे। रात में परिजनों ने जब खाने के लिए पूछा तो नंदकिशोर ने खाना खाने से इनकार कर दिया।
विज्ञापन
जिस पर अर्जुन के पिता रामगोपाल बेटे को खाने के लिए बुलाने के लिए छत पर गए तो वह गंभीर हालत में जमीन पर औंधे मुहं पड़े हुए तड़प रहा था और उसके मुहं से खून निकल रहा था। ऐसे में परिजन घबरा गए और आनन-फानन अर्जुन को एक चिकित्सक के यहां उपचार के लिए लेकर गए।
यहां चिकित्सक ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अर्जुन के गले पर निशान भी थे। परिजनों ने नंदकिशोर पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने नंदकिशोर को हिरासत में ले लिया और अर्जुन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों में अर्जुन की मौत के बाद कोहराम मच गया है।