स्वार। नगर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग, लोकल फाल्ट और आपात कटौती से उपभोक्ता भारी परेशानी झेल रहे हैं। भीषण गर्मी में घरों के पंखे भी रफ्तार नहीं पकड़ पा रहे, जिससे दिन और रात दोनों मुश्किल हो गए हैं।
रसूलपुर, सिलेटर हाउस चौराहा, अगलागा, नई बस्ती, काशीपुर, चक स्वार व मैन मार्केट में पिछले कई दिनों से आपूर्ति प्रभावित है। कभी ट्रिपिंग तो कभी लोकल फाल्ट के नाम पर बिजली काट दी जाती है। लो वोल्टेज के चलते सबमर्सिबल और मोटर ठीक से काम नहीं कर पा रहे, जिससे पेयजल संकट भी पैदा हो गया है।
व्यापारी नेता शिव औतार मन्नू, अतीक अहमद अंसारी और भाकियू नेता जरनैल सिंह ने बिजली निगम से स्थायी समाधान की मांग की है। एसडीओ हरि दीपक यादव ने गर्मी में लोड बढ़ने को समस्या का कारण बताते हुए एक साथ अधिक उपकरण न चलाने की सलाह दी है।