टांडा। तहसील क्षेत्र में बिना पंजीकरण चल रहे क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने थाना टांडा में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चौधरी ने प्रभारी निरीक्षक टांडा को तहरीर देकर दढ़ियाल स्थित उसमानी क्लीनिक, टांडा बादली स्थित सिटी हेल्थ केयर और टांडा की अलहिन्द पैथोलॉजी लैब के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में कहा गया है कि शिकायत मिलने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर पंजीकरण से जुड़े अभिलेख मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय के बाद भी संचालकों ने कोई दस्तावेज जमा नहीं किए। जांच में इन संस्थानों का स्वास्थ्य विभाग में पंजीकरण नहीं पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि टांडा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में अपंजीकृत अस्पताल, क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब लंबे समय से संचालित हो रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस अभियान नहीं चलाया जाता। आरोप है कि विभाग केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता पूरी करता है, जबकि अवैध रूप से इलाज और जांच का काम लगातार जारी रहता है। संवाद