बिलासपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी का छठी महोत्सव बृहस्पतिवार की रात नगर के मोहल्ला साहूकारा स्थित काली माता मंदिर व पीतांबरा देवी मंदिर में धूमधाम के साथ मनाया गया। कलाकारों ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं,वहीं बच्चों ने भक्ति नृत्य कर सभी को विभोर कर दिया। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।
बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे दोनों मंदिरों में विधिवत पूजा अर्चना के साथ छठी महोत्सव का शुभारंभ धार्मिक रीति रिवाज के साथ दीप जलाकर किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में कलाकारों ने आयोजित मंच पर तमाम कार्यक्रम प्रस्तुत किए। भगवान श्री कृष्ण के जीवन से जुड़ीं तमाम झांकियां भी कलाकारों ने प्रस्तुत की। बच्चों ने भी भजनों पर भक्ति नृत्य प्रस्तुत कर सभी को विभोर कर दिया। श्रद्धालु देर रात तक झांकियाें व भक्ति नृत्य का आनंद लेते देखे गए। श्रद्धालुओं को मंदिर कमेटी द्वारा प्रसाद भी वितरण किया जा रहा था। मंदिर के बाहर भी खासी भीड़ थी, जो मेले का भी आनंद ले रही थी। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। देर रात कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। मां पीतांबरा देवी मंदिर की व्यवस्था में पंडित अयोध्या प्रसाद पाठक, शुभम पाठक व काली माता मंदिर में प्रवीन शर्मा अध्यक्ष, हरीश गुप्ता, संजीव अग्रवाल, विजय रावत, अजय रावत, विवेक सिंघल, उषा भारद्वाज, ऋषभ भारद्वाज, अर्पित शर्मा, अमन भारद्वाज, नमन भारद्वाज, राहुल दिवाकर, सुशील दिवाकर, राहुल गुप्ता, गोलू जोशी आदि मुख्य थे।