रामपुर। जिला कचहरी में लगी राष्ट्रीय लोक अदालत में नए पदाधिकारियों ने विभिन्न श्रेणी के 4555 वाद का निस्तारण किया। शनिवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश गौरव कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला जजी परिसर स्थित न्याय वाटिका में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
शनिवार को लगी राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला एवं सत्र न्यायाधीश गौरव कुमार श्रीवास्तव ने एक वाद फौजदारी एवं सात वादों का निस्तारण कर 1287741 रुपये अर्थदण्ड के रूप में प्राप्त किए। पीठासीन अधिकारी ध्रुव कुमार तिवारी ने मोटर एकसीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल द्वारा मोटर दुर्घटना प्रातिकर के 19 वादों का निस्तारण कर घायलों व मृतकों के आश्रितों को मोटर दुर्घटना प्रतिकर के रूप में 6873000 रुपये दिला। एक अन्य प्रकृति के वाद का निस्तारण कर घायलों मृतकों के आश्रितों को एक लाख रुपये दिलाए। प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय सैय्यद सरवर हुसैन रिजवी ने 12 पारिवारिक वादों का निस्तारण किया। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट नीलू मोघा ने तीन वादों का निस्तारण किया। प्रथम अपर जिला जज धीरेन्द्र कुमार ने नौ वादों का निस्तारण कर छह हजार रुपये अर्थदंड के रूप में प्राप्त किए। राष्ट्रीय लोक अदालत में न्याय अधिकारियों अमित वीर सिंह, मोहम्मद रफी, आलोक दुबे, प्रदीप कुमार, सुरेन्द्र कुमार राय, रश्मि रानी, शमीम अहमद अंसारी, सत्येन्द्र सिंह, निशान्त मान, पूनम कर्णवाल, वीरेश चन्द्र, दीप्ति यादव, अंचल कशाना, ब्रह्मपाल सिंह, आशीष थिरानिया, बिंदिया भटनागर, इंदिरा दानू, रूपाली सिंह, आशुतोष वर्मा, साधना सिंह, मयंक सिंह, आदर्श कुमार सिंह ने राष्ट्रीय लोक अदालत में वादों का निस्तारण कर अर्थदंड वसूला। विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 25 फौजदारी के वादों का निस्तारण कर अर्थदंण्ड के रूप में 24650 रुपये वसूल किए। इसके अलावा कलक्ट्रेट न्यायालयों द्वारा में वादों का निस्तारण किया गया। समस्त बैंक एवं भारत दूर संचार निगम लिमिटेड के प्री-लिटीगेशन स्तर पर कुल 776 वादों का निस्तारण कर 34161545 रुपये का समझौता हुआ। इस प्रकार कुल निस्तारित वाद कुल 4555 वादों का निस्तारण किया गया।