रामपुर। ज्वालानगर की लक्ष्मीनगर कॉलोनी में बृहस्पतिवार को लिंटर के लिए लगी शटरिंग गिर गई। जिसमें पटवाई थाना क्षेत्र के गांव मतवली निवासी मजदूर ओमकार की दबकर मौत हो गई। परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों ठेकेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पटवाई थाना क्षेत्र के मतवाली निवासी बृजपाल का 20 वर्षीय बेटा ओमकार लिंटर उठाने का काम करता था। वह ज्वाला नगर की लक्ष्मीनगर कॉलोनी में ठेकेदार हबीब और हनीफ के साथ काम कर रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे वह शटरिंग से लिंटर को उठा रहा था, तभी अचानक से शटरिंग उसके ऊपर गिर गई। जिसके बाद ओमकार उसके नीचे दब गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। उसको शटरिंग के नीचे से निकालकर अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने मजदूर को देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और बेटे के शव को देखकर रोना शुरू कर दिया। मृतक छह बहन-भाइयों ने तीसरे नंबर का था। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों ने कहा कि ठेकेदारों की लापरवाही की वजह से ओमकार की जान चली गई। सिविल लाइन इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि ठेकेदार हबीब और हनीफ के खिलाफ लापरवाही बरतने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।