बिलासपुर में चीनी मिल के बाहर प्रदर्शन करते किसान। संवाद
- फोटो : संवाद
बिलासपुर (रामपुर)। रूद्र बिलास किसान सहकारी चीनी मिल का पेराई सत्र 14 फरवरी को बंद होने की सूचना पर भकियू चढ़ूनी कार्यकर्ताओं ने चीनी मिल में मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि क्षेत्र में अभी काफी गन्ना खड़ा हुआ है। ऐसे में मिल बंद नहीं होनी चाहिए। बाद में मिल के जीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि जब तक गन्ने की आपूर्ति उन्हें मिलेगी वह मिल को बेहतर ढंग से चलाएंगे।
भाकियू चढ़ूनी जिला अध्यक्ष हरदीप सिंह पड्डा के नेतृत्व में तमाम किसान बृहस्पतिवार की दोपहर रूद्र बिलास किसान सहकारी चीनी मिल पहुंचे। किसानों ने मिल गेट पर मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि अभी क्षेत्र में काफी गन्ना खड़ा है। यदि पेराई बंद हो गई तो किसानों को औने-पौने दामों पर गन्ना बेचना पड़ेगा। कहा कि जब तक क्षेत्र में गन्ना है, तब तक पेराई सत्र चालू रहना चाहिए।
जीएम ने कहा कि उन्होंने 14 फरवरी को पेराई सत्र बंद करने का दूसरा नोटिस जारी किया है। अभी तीसरा नोटिस जारी होना बाकी है। जब तक उन्हें गन्ने की आपूर्ति मिलती रहेगी, तब तक मिल चलाएंगे। किसानों ने 25 फरवरी तक मिल में पेराई चलाने की मांग की। जीएम के आश्वासन पर किसान शांत होकर वापस चले गए। प्रदर्शन करने वालों में भाकियू चढ़ूनी जिला अध्यक्ष हरदीप सिंह, सुखदेव सिंह, मनिंदर सिंह, जगजीत सिंह, मलकीत सिंह, गुरविंदर सिंह, हरजीत सिंह, अमरजीत सिंह आदि मुख्य थे।