स्वार। मसवासी क्षेत्र के जंगल से सड़क पार करते हुए एक तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मामला भूबरा मुस्तेहकम के मझरा सीतारामपुर के जंगल का बताया जा रहा है। शुक्रवार देर रात तेंदुआ जंगल से होकर सड़क पार कर गन्ने के खेत में घुस गया। पास ही स्थित एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ कैद हुआ, जिसे किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से तेंदुआ क्षेत्र के गांव चौहद्दा, जमना-जमनी, करीमपुर और नया गांव नजीबाबाद के जंगल में सक्रिय है। इस दौरान तेंदुए ने दो निराश्रित गोवंशीय पशुओं पर हमला कर उन्हें मार भी दिया।
इसके बावजूद वन विभाग अब तक तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने में सफल नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष की भावना है।
वन क्षेत्राधिकारी मुजाहिद हुसैन ने बताया कि वीडियो वायरल होने की जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने कहा कि विभागीय टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और उसके बाद आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।