संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। शनिवार को जनपद में दो और मरीजों में डेंगू की पुष्टि होने से खलबली मच गई है। दोनों ही मरीज सैदनगर क्षेत्र के निवासी हैं। जिन्हें बीते कई दिन से बुखार आ रहा था, जिसकी जांच कराई गई तो जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। मरीजों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जनपद में लगातार डेंगू के मरीजों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। जनपद में शनिवार को दो और केस मिलते ही जनपद में डेंगू रोगियों का आंकड़ा 23 पहुंच चुका है। सैदनगर के नगलिया आकिल गांव निवासी एहसान अली पुत्र असगर अली (27) ओर खंडिया गांव निवासी कमल सिंह पुत्र विंद्रपाल (30) की एलाइजा रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई हैं।
मालूम रहे कि जिले में बुखार तेजी से फैल रहा है। सरकारी अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में मरीजों की भरमार है। स्वास्थ्य विभाग की टीम शहर ओर गांवों में एंटी लार्वा का छिड़काव करा रही है, इसके अलावा टीम लोगों को जागरूक करते हुए क रात में मच्छरदानी का उपयोग, घरों के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील कर रही है।
डॉक्टरों ने डेंगू से बचाव के लिए सुझाव देते हुए बताया कि डेंगू का मच्छर दिन में काटता है, इसलिए दिन के समय भी सतर्क रहें। घर के आसपास या भीतर पानी जमा न होने दें।