खेत की पैमाइश कराने के नाम पर ली थी पांच हजार की रिश्वत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। खेत की पैमाइश कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार हुई महिला लेखपाल रिचा सक्सेना को एंटी करप्शन की टीम ने बरेली की कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में प्रशासन को अब पुलिस की रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रिश्वत का यह मामला टांडा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। टांडा थाना क्षेत्र के बैंजना गांव निवासी इनायत अली की शिकायत पर एंटी करप्शन की मुरादाबाद इकाई ने सिविल लाइंस स्थित राम विहार कॉलोनी में छापा मारकर एक महिला लेखपाल रिचा सक्सेना को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
इनायत अली ने एंटी करप्शन की मुरादाबाद इकाई से शिकायत की थी कि गांव की लेखपाल रिचा खेत की पैमाइश कराने के नाम पर दस हजार रुपये की रिश्वत मांग रही है। एडवांस के तौर पर पांच हजार रुपये की मांग की गई है। इस शिकायत के बाद एंटी करप्शन की टीम सक्रिय हो गई थी।
टीम पांच हजार रुपये की रिश्वत लेने वाली महिला लेखपाल को सिविल लाइंस थाने ले आई थी, जहां उससे पूछताछ की। इसके बाद एंटी करप्शन की टीम ने महिला लेखपाल के खिलाफ शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
महिला लेखपाल को रात में ही पहले महिला थाने भेज दिया गया। इसके बाद बृहस्पतिवार को टीम महिला लेखपाल को बरेली की कोर्ट ले गई। सिविल लाइंस थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में महिला लेखपाल को बरेली की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
-
सिविल लाइंस से मुरादाबाद एंटी करप्शन थाने भेजी गई प्राथमिकी
रामपुर। सिविल लाइंस पुलिस ने महिला लेखपाल के खिलाफ थाने में बुधवार की शाम को प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि जीरो केस पर दर्ज प्राथमिकी को अब जांच के लिए मुरादाबाद के एंटी करप्शन थाने में जांच के लिए भेज दिया गया है। एंटी करप्शन की टीम ही इस मामले की जांच करेगी। संवाद
रिश्वत की आरोपी लेखपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू
रामपुर। रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार की गई लेखपाल रिचा सक्सेना को जेल भेजे जाने के बाद प्रशासन की ओर से उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसडीएम टांडा राजकुमार भास्कर ने बताया कि पुलिस की रिपोर्ट आने के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। संवाद