स्वार (रामपुर)। एसडीएम न्यायिक के पेशकार के खिलाफ बार एशोसिएशन से जुड़े वकीलों ने मोर्चा खोल दिया है। आरोप है कि वकीलों के प्रति पेशकार का व्यवहार अमर्यादित है। इसको लेकर वकीलों ने ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है। वकीलों ने दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल भी शुरू कर दी।
बार के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार गोस्वामी ने बताया कि एसडीएम न्यायिक के न्यायालय में पेशकार का व्यवहार वकीलों और वादकारियों के प्रति अमर्यादित है। इससे वकीलों में रोष व्याप्त है। बृहस्पतिवार को वकीलों ने आपात बैठक की और पेशकार के खिलाफ दो दिन की हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया। इसके चलते वकीलों ने न्यायिक कार्य नहीं किया। हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रहेगी। इसके बाद वकीलों का शिष्टमंडल एसडीएम न्यायिक से मिलने के लिए उनके चेंबर पहुंचा लेकिन वह नहीं मिल सके। इसके चलते ज्ञापन कार्यालय में रिसीव कराया। ज्ञापन देते समय बार अध्यक्ष राजेंद्र गोस्वामी, सचिव सिराज अहमद, राशिद खां, राशिद खां द्वितीय, नौशाद आलम आदि वकील रहे।