रामपुर/सैफनी/शाहबाद/पटवाई। बोल बम और हर- हर महादेव के जयघोष के साथ कांवड़ियों व शिव भक्तों ने बड़ी संख्या में सावन माह के अंतिम सोमवार पर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही।
सावन माह में चौथे व अंतिम सोमवार पर शिवालयों में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़ियों की भीड़ रही। रविवार रात से ही स्थानीय कांवड़िये भी पहुंचने शुरू हो गए जो कि सोमवार सुबह तक आते रहे। हरिद्वार और ब्रजघाट से बाइक व चारपहिया वाहनों से जल लेकर श्रद्धालु रामपुर पहुंचे तो बड़ी संख्या में बैकुंठी, खड़ेश्री और डाक कांवड़ लेकर भी शिवभक्त पहुंचे। कांवड़ियों ने जिले के एतिहासिक रठौंडा शिव मंदिर, भमरौआ शिव मंदिर, पंजाबनगर शिव मंदिर, धमोरा शिव मंदिर, शाहबाद के लक्खी बाग स्थित शिव मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों में विधिवत पूजन कर जलाभिषेक किया। शिवलिंग पर गंगाजल से अभिषेक कर बेलपत्र, फल, पुष्प व मिष्ठान अर्पित कर पूजन किया। इस दौरान हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर गूंजते रहे। सुबह करीब चार बजे से 11 बजे तक हाईवे पर भी बड़ी संख्या में कांवड़ियों के बेड़े गुजरते रहे। मंदिरों में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी तो मंदिर परिसर के आसपास मेला व दुकानें भी सजीं।
सैफनी में सावन माह अंतिम सोमवार को शिवभक्तों नें कस्वा समेत क्षेत्र शिवालयों में जल चढ़ाने के लिए आस्था का सैलाब उमड़ा। शिव भक्तों ने हर महादेव के जयकारों के संग जलाभिषेक किया।सावन माह के अंतिम सोमवार को कस्बा समेत आसपास क्षे़त्रों में तड़के मंदिरों के कपाट खुलते ही जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों की उमड़ी। वहीं हरिद्वार से कांवड लेकर पहुंचे कांवडियों ने मंदिरों में पहुंच कर भांग, धतुरा, दूध, फल, शहद व बेलपत्र आदि सामग्री भगवान शिव को अर्पण कर पूजा अर्चना कर भगवान शिव से सुख शांति के लिए प्रार्थना की।
शाहबाद में सावन के अंतिम सोमवार को जलाभिषेक करने वाले शिव भक्तों की शिवालयों में भारी भीड़ उमड़ी। तड़के चार बजे से ही नगर के लक्खीबाग शिव मंदिर, परौता शिव मंदिर, अनवा शिव मंदिर, जगेसर शिव मंदिर तथा ढकिया के बड़ा शिव मंदिर पर जलाभिषेक करने के लिए कांवडिए पहुंचने शुरू हो गए थे। जिन्होंने धतूरा, बेलपत्री, फल, फूल, दूध, जल आदि से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सभी शिव मंदिरों में शाम तक जलाभिषेक करने वाले शिव भक्तों की भीड़ लगी रही। सुरक्षा की द्रष्टि से क्षेत्र के सभी शिव मंदिरों पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
पटवाई क्षेत्र में सावन के अंतिम सोमवार को क्षेत्र से हरिद्वार से लेने गए कांवड़ को सोमवार सुबह को पंजबनगर स्थित शिव मंदिर पर कांवड़ चढ़ाई। साथ ही जलाभिषेक भी किया। इसी क्रम में डाक कांवड़ लाने वाले कांवड़ियों के स्वागत के लिए कई जगह पर कैम्प भी लगे थे। डाक कांवर लाने वाले भक्तों ने जलाभिषेक किया। साथ ही सोमवार को क्षेत्र के मदारपुर शिव मंदिर पर सोमवार सुबह से ही लाइन में लगकर भक्तों ने जलाभिषेक किया।