टांडा। क्षेत्र में तीन दिन के भीतर दूसरी बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। रविवार रात ग्राम अहमदपुर पहाड़पुर में ईंट भट्टा स्वामी नवाब जान के घर से करीब दस लाख रुपये के जेवर, नकदी और मोबाइल चोरी हो गए।
नवाब जान के परिवार में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। उनका पुत्र मोहम्मद अरशद रविवार रात करीब साढ़े दस बजे घर लौटा था। गांव में बिजली नहीं होने के कारण परिवार के सदस्य अलग-अलग हिस्सों में सो रहे थे। तड़के करीब तीन बजे अरशद की आंख खुली तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली मिली।
नवाब जान के अनुसार चोर घर से करीब छह तोले सोना, 50 हजार रुपये की नकदी और दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर लौट गई।
नवाब जान ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पुलिस प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
सीओ केएन आनंद ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
0000
अपलगढ़ चोरी में रिपोर्ट दर्ज नहीं
टांडा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धनूपुरा मझरा अपलगढ़ में शुक्रवार रात हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में सोमवार तक भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर लौट गई, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। संवाद