आलियागंज के आठ परिवारों को सौ-सौ गज जमीन का पट्टा आवंटित कर दिया गया है। इस कवायद को पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही गांव के आठ पीड़ितों को लोहिया आवास देने की भी प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है।
सैदनगर क्षेत्र के आलियागंज में स्पोर्ट्स स्टेडियम की जमीन के रास्ते पर बने मकानों को ध्वस्त कर दिया गया था,जिसके विरोध में गांव में बवाल हो गया था। बवाल के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला बोल दिया था,जिसमें नौ पुलिस कर्मी भी जख्मी हो गए थे। इस मामले में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम समेत 50 लोगों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने के साथ ही अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
पुलिस ने सलाम समेत छह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में जहां एक ओर पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई कर रही है,वहीं दूसरी ओर प्रशासन द्वारा पीड़ितों को लोहिया आवास देने के साथ ही सौ गज की जमीन देने का आश्वासन दिया था। इस आश्वासन को प्रशासन ने पूरा कर लिया है। जिलाधिकारी के आदेश पर प्रशासनिक अमले ने आठ पीड़ित परिवारों को एक ओर जहां लोहिया आवास देने की प्रक्रिया को तेज कर दिया है,वहीं दूसरी ओर जमीन का पट्टा देने की भी कवायद को पूरा कर लिया है।
गांव में आठ परिवारों को जमीन का पट्टा देने का प्रस्ताव तहसीलदार सदर की ओर से एसडीएम के यहां भेजा गया था। अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इस पट्टे को मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा लोहिया आवास देने की भी कवायद को शुरू कर दिया गया है। अफसरों का कहना है कि पीड़ित परिवारों को हर तरह की मदद दिलाई जाएगी।