श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद नगर में श्रीकृष्ण छठी महोत्सव की धूम है। बुधवार शाम भी नगर में श्रीकृष्ण छठी महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधा रानी का रूप धरा तो श्रद्धालु कान्हा के भजनों पर झूमते रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
सेंट्रल बैंक की गली में स्थित पंडित चंद्रसेन की धर्मशाला में आयोजित छठी महोत्सव में बच्चों ने श्रीकृष्ण-राधा रानी के भेष में नृत्य किया। कान्हा-राधा के रूप में सजे बच्चों ने श्याम बंसी बजाते हो या मुझे बुलाते हो, मैं बरसाने की छोरी, सपने में रात श्याम आया आदि भजनों पर नृत्य किया। इसके बाद कान्हा की छठी मनाई गई और सबको छठी का भोग दिया गया। इसके बाद बच्चे-बड़े सभी श्रीकृष्ण और राधा रानी के भजनों पर थिरके।
हाथी-घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल, कृष्णा-कृष्णा आए कृष्णा, गजब कर गई हाय बृज की राधा आदि भजनों पर श्रद्धालु जमकर थिरके। इस अवसर पर शांति शर्मा, नंदिनी शर्मा, शिवा शर्मा, कुमकुम अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, शिखा अग्रवाल, महेश चंद्र शर्मा, सुरेश चंद्र, अजय, दिनेश पांडे, नंदन शर्मा, रानी शर्मा आदि मौजूद रहे।