दढ़ियाल काशीपुर मार्ग पर जाम में फंसे वाहन।
दढ़ियाल-काशीपुर मार्ग के बीचोंबीच लकड़ी से भरा ट्रक खराब हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लाइन लगनी शुरू हो गई। सुबह पांच बजे से दोपहर तीन बजे तक मार्ग पूरी तरह ठप हो गया। करीब दस घंटे बाद पुलिस ने क्रेन के जरिये खराब ट्रक को हटवाया तब जाकर आवागमन सुचारु हो पाया, जिसकी वजह से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे दढ़ियाल से काशीपुर जा रहे लकड़ी से भरा ट्रक गांव अकबराबाद-जमालगंज के बीच खबड़िया फार्म पर खराब हो गया। ट्रक मार्ग के बीचोंबीच खड़ा गया हो गया। ट्रक के बगल से निकलने के चक्कर में रेत से भरे दूसरे वाहन भी फंस गए। जिसकी वजह से सड़क पूरी तरह से बंद हो गई और वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई।
जाम की सूचना जैसे ही चौकी पुलिस को लगी तो वह मौके पर पहुंच गई और फंसे वाहनों को निकलवाने के लिए प्रयास किया। लेकिन सफलता न मिलने पर हल्के वाहनों को भाटीखेड़ा व खांडीखेड़ा मार्ग से निकाला गया और बाद में क्रेन को मंगवाकर मार्ग पर फंसे वाहनों को हटवाया गया। दोपहर करीब तीन बजे मार्ग पर यातायात शुरू हो पाया। इस दौरान ट्रक चालकों के साथ साथ स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।