डा. एपीजे अब्दुल कलाम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को हुए मैचों में ज्वाला व एकता क्लब ने जीत दर्ज कराई है। ज्वाला क्लब ने फ्रेंड्स क्लब को 21 और एकता क्लब ने फतेह क्लब को 40 रन से शिकस्त दी। ज्वाला क्लब के मैदान में चल रहे टूर्नामेंट में बुधवार को पहला मैच ज्वाला क्लब और फ्रेंड्स क्लब के बीच खेला गया।
इसमें ज्वाला क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बीस ओवर में 142 रन बनाए। इस दौरान जोंटी ने 32 और आशीष ने 27 रन बनाए। फ्रेंड्स क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए शाबाज, इमरान, फैजान और सलमान ने दो-दो विकेट लिए। बाद में फ्रेंड्स क्लब निर्धारित बीस ओवर में 121 रन ही बना सकी। इसमें टिल्लू ने 48 रन बनाए।
ज्वाला क्लब की ओर से उमेर ने तीन विकेट लिए। उमेर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, दूसरे मुकाबले में एकता क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बीस ओवर में 167 रन बनाए। इसमें उमेर अली ने 33 व अरहम ने 40 रन बनाए। फतेह क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए फरीद व रईस ने दो-दो विकेट लिए।
फतेह क्लब की टीम 127 रन ही बना सकी। एकता क्लब की ओर से अरहम ने दो विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच चुने गए। मैच में अंपायरिंग पवन यादव, शम्मी, मनोज सक्सेना, मेघपाल ने की और स्कोरिंग विनोद, आशू व दीपक ने की। मैच में कमेंट्री वरूण जोशी व आसिफ ने की। इस दौरान बिलाल शमसी, मोहम्मद अरहम, अमित सिंह आदि रहे।