रात आठ से सुबह सात बजे तक करेंगी चेकिंग
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। जिले में अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए डीएम ने टास्क फोर्स गठित कर दी है। यह टास्क फोर्स दो चरणों में रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक आठ खनन चौकियों में तैनात रहेगी। साथ ही रात में छापे भी मारेगी। डीएम ने मंगलवार को जिले के सभी विभागों के अधिकारी और पुलिस को लेकर 16 टीमें गठित कर दी हैं।
जिले में अवैध खनन को रोकने के लिए जिले को आठ जोन में बांटा गया है। एक जोन में दो टीमें रहेंगी। पहली टीम रात आठ बजे से दो बजे तक, दूसरी टीम दो बजे से सुबह सात बजे तक अपने जोन में तैनात रहेगी। मंगलवार को डीएम ने जिला को-ऑपरेटिव बैंक सभागार में टीम के साथ बैठक की। साथ ही उन्हें प्रशिक्षण भी दिया। बैठक में एसपी विद्यासागर मिश्र, एडीएम नितिन मदान आदि मौजूद रहे।
डंपर की बॉडी को बढ़ाया गया तो पंजीकरण होगा निरस्त
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि तहसीलों के प्रमुख चौराहों पर चेक प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टास्क फोर्स सघन चेकिंग करेगी। वाहन की बॉडी को गलत तरीके से बढ़ाया गया, तो ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। उनकी फिटनेस निरस्त एवं पंजीयन निलंबित किया जाएगा।