राज्य ओपन बालक फुटबाल प्रतियोगिता में सोमवार को नॉक आउट मैच खेले गए। बनारस छात्रावास का दबदबा रहा। बनारस छात्रावास ने दो मैच खेले और दोनों ही जीत दर्ज की। फैजाबाद और बरेली छात्रावास ने भी अपने मैचों में जीत दर्ज की। मंगलवार को सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे।
मोहम्मद अली जौहर विवि में चल रहे टूर्नामेंट में सोमवार को पहला मैच फैजाबाद छात्रावास और डीएफए मुरादाबाद के बीच खेला गया। 59वें मिनट में फैजाबाद छात्रावास के प्रतीक ने गोल कर टीम को 1-0 से जीत दिलाई। मैच की शुरुआत विवि के प्रशासनिक अधिकारी अकबर मसूद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की।
दूसरा मैच बनारस और सैफई छात्रावास के बीच हुआ। बनारस छात्रावास ने शुरुआत में ही 7वें और 19वें मिनट में शाहनवाज आलम और पंकज गुप्ता के गोल की बदौलत मैच में मजबूत पकड़ बना ली। अंत में 2-0 से जीत दर्ज की। तीसरा मैच कुमायूं हीरोज बनारस और बरेली छात्रावास की टीम के बीच हुआ।
कुमायूं हीरोज की टीम ने रविकांत के गोल की सहायता से 1-0 से जीत दर्ज की। चौथा मैच मोहम्मद अली जौहर विवि और आगरा डीएफए की टीम के बीच हुआ। दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। अंतिम और पांचवां मैच डीएफए मुरादाबाद और बनारस छात्रावास के बीच हुआ। बनारस छात्रावास ने 1-0 से जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट में मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। मैच रेफरी मनोज तिवारी, प्रकाश श्रीवास्तव, राशिद अली, मेहरूद्दीन, अमल कुंवर और जय चक्रवर्ती रहे। इस दौरान मोहम्मद अली जौहर विवि के कुलपति मोहम्मद यूनुस, दानिश खां, मोहम्मद तालिब, विवेक कुमार, प्रदीप सक्सेना, वीरेंद्र प्रताप सिंह, असद खां, जरीफ राजा, यूसुफ रहे।