जिला पंचायत अध्यक्ष चुनने को पहुंचे अधिकांश सदस्यों ने सहायक का इस्तेमाल किया। वोट डालने पहुंचा कोई सदस्य नि:शक्त बन गया तो कोई निरक्षर। 26 में 18 सदस्यों ने सहायक का इस्तेमाल करते हुए अपनी मौजूदगी में वोट डलवाया।
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने निरक्षर व नि:शक्त जिला पंचायत सदस्यों के लिए सहायक देने का फैसला किया था। 48 घंटे पहले जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष आवेदन करना था। 35 सदस्यों वाली जिला पंचायत में 21 ने सहायक के लिए आवेदन किया था।
निरक्षर व शारीरिक रूप से विकलांगता की श्रेणी में आने वाले सदस्यों को ही सहायक देने की व्यवस्था थी। गुरुवार को जो तस्वीर सामने आई वो वाकई चौंकाने वाली थी। कुल 26 सदस्य वोटिंग करने पहुंचे, जिसमें 18 सदस्यों ने वोटिंग सहायकों की मदद से की।
किसी के हाथ में पट्टी बंधी थी तो किसी की आंखों पर काले रंग का मोटा चश्मा लगा था। कई निरक्षर सदस्य भी थे जिन्हें अंगूठा लगाना ही आता था। वोटिंग के बाद नि:शक्त सदस्य एक दम फिट नजर आने लगे।