इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। रविवार को चार चरणों में ग्रामीण इलाकों के वोटरों ने किसको सिर आंखों पर बैठाया है और किसको नहीं। इस राज पर से परदा उठेगा। रविवार को जिले के पांच ब्लाकों में मतगणना का काम सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगा। इसके लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अफसरों ने भी मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए पिछले चार चरणों में चुनाव संपन्न हो गया। चुनाव संपन्न होने के बाद अब मतगणना की बारी है। मतगणना का काम रविवार सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगा। जिले के पांच स्थानों पर मतगणना होगी।
चमरौवा और सैदनगर की मतगणना रामपुर के डुंगरपुर स्थित मंडी समिति में की जाएगी। स्वार क्षेत्र की मतगणना का काम सेंट फ्रांसिस स्कूल में होगा। अन्य ब्लाकों की मतगणना वहां की मंडी समितियों में कराई जाएगी। मंडी समितियों में शनिवार को दिनभर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मतगणना पंडाल में टेबल लगा दी गई हैं।
बैरीकेडिंग भी कर दी गई है। मतगणना स्थलों में कैमरों की भी व्यवस्था की गई है। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। प्रशासन का दावा है कि मतगणना को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए हर संभव कोशिश की गई है। रेंडमाइजेशन के जरिये एआरओ के क्षेत्र बदलने का काम पूरा हो गया।