पंचायत चुनाव की मतगणना की तैयारियां अब आखिरी दौर में पहुंच गई हैं। रविवार को होने वाली मतगणना के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमले तक ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए पिछले दिनों चार चरणों में मतदान कराया गया था।
मतदान संपन्न हो जाने के बाद अब मतगणना की तैयारी की जा रही है। मतगणना 13 दिसंबर को होगी। मतगणना रविवार सुबह सात बजे से शुरू होगी। चमरौवा और सैदनगर की मतगणना का काम डुंगरपुर स्थित मंडी समिति में होगा। स्वार की मतगणना सेंट फ्रांसिंस स्कूल में कराई जाएगी। शेष ब्लाकों में मंडी समितियों में मतगणना का काम होगा।
मतगणना के लिए शुक्रवार को मंडी समिति में कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। कर्मचारियों को निष्पक्ष ढंग से मतगणना कराने के आदेश दिए गए। मतगणना स्थलों पर पंडाल को सजा दिया गया है। बैरीकेडिंग भी कराई जा रही है। सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। अफसरों ने डुंगरपुर स्थित मंडी समिति में चल रही तैयारियों का जायजा लिया।
डीएम राकेश कुमार सिंह ने अफसरों को निष्पक्ष ढंग से मतगणना को संपन्न कराने के आदेश दिए हैं। मतगणना का काम जिले भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया जाएगा। मतगणना स्थल पर एसडीएम और सीओ को कानून व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है।