बिलासपुर। नगर से सटे ग्राम खोदलपुर की गुरु नानक कॉलोनी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के बंद मकान में घुसकर अज्ञात चोर जेवर चोरी कर ले गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
गुरु नानक कॉलोनी निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर सौरभ कुमार के अनुसार वह मूल रूप से केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम मनोना के रहने वाले हैं। सोमवार शाम वह परिवार के साथ गेहूं की फसल उठाने के लिए गांव मनोना गए हुए थे और घर पर ताला लगा था।
मंगलवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने उन्हें फोन पर चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर के कमरों के ताले टूटे हुए थे और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। सौरभ कुमार ने घर में रखे जेवर चोरी होने की जानकारी दी है। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।