रामपुर। बिजली चेकिंग के लिए पहुंची टीम के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। इस दौरान जेई के साथ मारपीट करते हुए नोटिस बुक को भी फाड़ दिया गया। किसी तरह जान बचाकर टीम मौके से निकल गई। जेई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मारपीट का यह मामला गंज थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पहाड़ीगेट बिजलीघर के अवर अभियंता संजीव चौरसिया अपनी टीम रामगोपाल, लाइनमैन ओमप्रकाश, ताज मोहम्मद के साथ शहर के मोहल्ला घेर मुबारक शाह हाते वाले क्वार्टर में बकायेदारों का कनेक्शन काटने पहुंचे। इस दौरान ताबिश वहां पहुंचा और बिजली चेकिंग अभियान का विरोध करने लगा।
आरोप है कि इस दौरान बिजली घर के अवर अभियंता के हाथ से नोटिस बुक छीनकर फाड़कर फेंक दी। इस दौरान अवर अभियंता के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे हंगामा शुरू हो गया। इस बीच कुछ लोगों ने बीच में पकड़कर टीम को छुड़वाया। टीम किसी तरह छूटकर वहां से निकली और फिर इसके बाद जेई ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। अवर अभियंता की तहरीर पर गंज पुलिस ने इस मामले में मुहल्ला निवासी ताबिश के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गंज थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।
-