दो दिन पहले रामपुर सांसद और आजम समर्थकों के बीच हुई थी बहस
दो दिन पहले विधायकों व पदाधिकारियों का प्रतिनिधि मंडल रामपुर पहुंचा था तब रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी और सपा नेता आजम खां के समर्थकों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई थी। उस वक्त दोनों ओर से नारेबाजी भी हुई थी।
रामपुर के डीएम को ज्ञापन साैंपते सपा के सांसद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छात्रों से मिलकर सपा सांसद बोले, नहीं टूटने दी जाएगी यूनिवर्सिटी
जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश के खिलाफ खुलकर उतरी समाजवादी पार्टी के आठ सांसदों का प्रतिनिधि मंडल शनिवार को कई अन्य नेताओं के साथ रामपुर पहुंचा। आसपास के सपा और आजम खां समर्थक भी भारी भीड़ के साथ पहुंचे थे। संत रविदास गेस्टहाउस में एकत्र होकर प्रतिनिधिमंडल जौहर यूनिवर्सिटी गेट पर सातवें दिन बेमियादी धरने पर बैठे छात्रों से जाकर मिला।
उन्हें भरोसा दिया कि यूनिवर्सिटी को टूटने नहीं दिया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल, यूनिवर्सिटी के वीसी से बंद कमरे में मुलाकात के बाद कलक्ट्रेट पहुंचा और यहां जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी से मिलकर ज्ञापन सौंपा। जिसमें एक सुर में आरडीए के आदेश का विरोध जताया और इस आदेश को रद्द करने की मांग उठाई। सांसदों ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा विरोधी काम कर रही है। यूनिवर्सिटी को तोड़ने का आदेश शिक्षा विरोधी है।
शनिवार को रामपुर का सियासी पारा चढ़ा रहा। दोपहर के वक्त सपा का प्रतिनिधिमंडल रामपुर पहुंचा। संत शिरोमणि गेस्ट हाउस में पहुंचकर सपाइयों से पूरे मामले की जानकारी ली। राज्यसभा सदस्य जावेद अली खां नेतृत्व करते दिखे। सांसदों का प्रतिनिधिमंडल सीधे जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचा, जहां पर छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने नारेबाजी के बीच अपना मांग पत्र प्रतिनिधिमंडल को सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि किसी भी कीमत पर यूनिवर्सिटी को नहीं तोड़ने दिया जाएगा। इसके बाद सपा का प्रतिनिधिमंडल जौहर यूनिवर्सिटी के भीतर पहुंचा, जहां पर वीसी से मुलाकात की। करीब आधे घंटे तक सांसदों ने पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम अजय कुमार द्विवेदी से मुलाकात की।
इस दौरान सांसदों ने ज्ञापन दिया, जिसमें एक सुर में आरडीए के आदेश को रद्द करने की मांग उठाई। इस दौरान समर्थकों की भारी भीड़ रही। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने साफ किया कि भाजपा सरकार शिक्षा विरोधी है। इसलिए इस तरह का आदेश किया गया है। इस आदेश के खिलाफ कानूनी पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है। किसी भी कीमत पर यूनिवर्सिटी को तोड़ने नहीं दिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में यह रहे मौजूद
रामपुर सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर, सांसद जावेद अली खान, महाराष्ट्र के सपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक (पूर्व सांसद) अबू आसिम आजमी, सांसद हरेंद्र सिंह मलिक, सांसद रुचिवीरा, सांसद इकरा हसन, सांसद नीरज मौर्य, सांसद जियाउर्रहमान बर्क, सांसद देवेश शाक्य तथा सांसद राम शिरोमणि वर्मा शामिल रहे। सपा प्रदेशाध्यक्ष द्वारा सांसद प्रतिनिधिमंडल की सूची से रामपुर के सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी और सांसद राजीव राय नदारद रहे। बताया गया कि सांसद राजीव राय के पिता की पुण्यतिथि होने के कारण और मोहिबुल्लाह की तबीयत खराब होने के कारण वह शामिल नहीं हो सके।