दिनभर बनी रही अन्य लोगों की आवाजाही
जौहर यूनिवर्सिटी के गेट पर विद्यार्थियों के धरने की जानकारी के बाद रविवार को वहां काफी गहमागहमी नजर आई। सुबह से शाम तक तमाम सामान्य लोग भी यूनिवर्सिटी तक पहुंचे। शाम तक कुछ के आने और कुछ के जाने का क्रम बना रहा।
एकेटीयू से भी संपर्क कर सकते हैं अधिकारी
जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण के दायरे में आने वाले विभागों के विद्यार्थियों के शैक्षणिक सत्र को बचाने के लिए जिला प्रशासन कवायद कर रहा है। कुछ पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में दाखिला दिलवाने की पहल की जा रही है।
इसी बीच केंद्र प्रभारी का कहना है कि इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों के लिए एकेटीयू (डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्नीकल यूनिवर्सिटी) से संपर्क करने के प्रयास किए जाएंगे। जौहर विश्वविद्यालय के 40 भवनों में से 38 भवनों के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय परिसर में मेडिकल भवन और अकादमिक भवन ही बचेंगे। राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य व परामर्श केंद्र प्रभारी डॉ. जागृति मदान ढींगरा ने बताया कि जौहर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की पढ़ाई व शैक्षिक सत्र प्रभावित न हो, इसके लिए डीएम ने पहल की है।
छात्रों को विश्वास दिलाया है, जितना हो सकेगा, उनका दाखिला आदि के लिए पूरा सहयोग किया जाएगा। जौहर विश्वविद्यालय में पैरामेडिकल संकाय के पाठ्यक्रम तो संचालित किए ही जा रहे हैं, वह बंद नहीं हुए हैं।
बीए, बीएससी के अलावा बीसीए, बीबीए, एमबीए, लॉ संकाय गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में संचालित किए जा रहे हैं, इसलिए इन संकायों के विद्यार्थियों के लिए कोई परेशानी नहीं है। इन विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय या इससे संबद्ध महाविद्यालयों में दाखिले दिलाए जाएंगे।
इसके अलावा बीटेक व एमटेक पाठ्यक्रमों का संचालन एकेटीयू लखनऊ से किया जाता है। इन पाठ्यक्रम के लिए किसी विश्वविद्यालय से संपर्क नहीं किया है। अभी इसके लिए इंतजार कर रहे हैं।
आने वाले दिनों में इन पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए जिलाधिकारी द्वारा एकेटीयू से संपर्क किया जा सकता है। इन ब्रांचों में कितने विद्यार्थी हैं, इसकी जानकारी नहीं है क्योंकि विश्वविद्यालय द्वारा ऐसा कोई डेटा हमारे साथ साझा नहीं किया गया है।
विश्वविद्यालय में संचालित हैं यह संकाय
जौहर विश्वविद्यालय में बीटेक, एमटेक, इंजीनियरिंग डिप्लोमा, पॉलीटेक्निक, बीसीए, एमबीए, बीबीए, एमकॉम, एमए, मास्टर ऑफ टूरिज्म एवं ट्रेवल, बीए, विधि संकाय, बीएएलएलबी, एमएससी, बीएससी, एम फार्मा, बी फार्मा, डी फार्मा, बीएड, डिप्लोमा इन नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।