जौहर यूनिवर्सिटी के लिए कब्जाई गई शत्रु संपत्ति भी अब जांच के दायरे में आ गई है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम की शिकायत के आधार पर गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाले भारत के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक (कस्टोडियन) शाखा लखनऊ ने जौहर यूनिवर्सिटी में आने वाली शत्रु संपत्ति की जांच कराकर कार्रवाई कराने के आदेश दिए हैं। इस मामले की जांच रिपोर्ट डीएम से तलब की गई है।
सपा की सरकार जाने के बाद विरोधियों ने पूर्व मंत्री आजम खां को घेर रखा है। जौहर यूनिवर्सिटी बनाने के लिए शत्रु संपत्ति को कब्जाने का भी आरोप पूर्व मंत्री पर लगा है। इस मामले की शिकायत पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम ने प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक से पिछले दिनों की थी। इसके बाद राज्यपाल ने इस मामले की जांच कराने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखा था।
राज्यपाल के आग्रह के बाद गृह मंत्रालय के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय लखनऊ में सहायक शत्रु संपत्ति अभिरक्षक पीएन श्रीनिवासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम से मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। निवासन ने डीएम से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की शिकायत के आधार पर विस्तार से इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इसकी रिपोर्ट भी भेजने को कहा है।