रामपुर। लोक निर्माण विभाग जिले की छह सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने जा रहा है। इसके लिए शासन को 1.13 अरब रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था। इसे सैद्धांतिक सहमति मिल गई है। अक्तूबर में इन सड़कों के लिए बजट जारी हो सकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी बढ़ने के बाद सड़कों पर ट्रैफिक बढ़ गया है। पुरानी सड़कें अब छोटी पड़ने लगी हैं। इन सड़कों पर जाम लग रहा है। इसे देखते हुए लोनिवि ने छह सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। लोनिवि के अधिशासी अभियंता गौरव सिंह ने बताया कि इसमें से पांच सड़कों की चौड़ाई 3.5 मीटर से बढ़ाकर सात मीटर की जाएंगी। एक सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जाएंगी। उन्होंने बताया कि शासन से जल्द इन सड़कों के लिए बजट जारी हो सकता है।
शाहबाद में लोनिवि बनाएगा डाक बंगला
लोक निर्माण विभाग शाहबाद में डाक बंगला बनाएगा। इसके लिए शासन को पांच करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता गौरव सिंह ने बताया कि लोनिवि के पास डाक बंगले की कमी है। इसे देखते हुए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। कहा कि डाक बंगला बन जाने से लोनिवि को फायदा भी होगा।
इन सड़कों पर इतना खर्च होगा
धनेली पूर्वी पटिया वाया भोपतपुर 10 किलोमीटर सड़क 25 करोड़ रुपये से होगी चौड़ी।
अजीतपुर पंजाब नगर जौलपुर आठ किलोमीटर सड़क 15 करोड़ रुपये से बढ़ेगी चौड़ाई।
धावनी चैनपुर 16 किलोमीटर सड़क 35 करोड़ रुपये से होगी चौड़ी।
भमौरा शाहबाद बिलारी रोंडा-झोंडा चौराहे तक 12 किलोमीटर सड़क 23 करोड़ की लागत से होगी चौड़ी।
हवालिया चौकी से दो किलोमीटर तक सड़क सात मीटर से 10 मीटर चौड़ी होगी। इसकी लागत 10 करोड़ आएगी।
धमौरा मार्ग 2.5 किलोमीटर तक 5.25 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ा होगा।