रामपुर। यूपी बोर्ड ने दसवीं और 12 वीं की परीक्षा में आवेदन करने वाले छात्रों को परीक्षा शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर तक कर दी है। इसके अलावा कक्षा नौ व 11 के विद्यार्थियों के अगली कक्षा में पंजीकरण की भी तारीख संशोधित की गई है।
यूपी बोर्ड की दसवीं और 12 वीं की परीक्षाओं के लिए इन दिनों प्रक्रिया चल रही है। बोर्ड ने दसवीं और 12वीं के परीक्षार्थियों के परीक्षा शुल्क ट्रेजरी के माध्यम से जमा करने की तारीख 30 सितंबर कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रधानाचार्य 30 सितंबर तक ट्रेजरी के माध्यम से फीस जमा करते हुए इसको अपलोड कर सकते हैं।
इसके अलावा एक अक्तूबर के बाद किसी भी तरह का अपग्रेडेशन नहीं किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर कक्षा नौ व 11 के विद्यार्थियों का अगली कक्षा में प्रवेश के लिए पंजीकरण कराने की तारीख भी संशोधित की गई है। दस अक्तूबर तक पंजीकरण की पूरी कार्रवाई पूरी करने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार इसके बाद भी यदि कोई छात्र इससे वंचित रह जाता है तो उसकी जिम्मेदारी प्रधानाचार्य की होगी।