रामपुर में रविवार की सुबह बारिश में गुजरते राहगीर।फोटो-संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। रविवार सुबह के वक्त जमकर बारिश हुई। करीब डेढ़ घंटे तक मूसलाधार बारिश के बाद कुछ देर तक हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे मौसम काफी खुशगवार हो गया और दिन में लोगों को गर्मी व उमस से राहत रही। हालांकि बारिश थमने के कुछ देर बाद धूप निकल आई लेकिन, दिन भर धूप और बादलों की लुकाछिपी चलती रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले सोमवार यानी 13 जुलाई तक लगातार रोजाना बारिश की उम्मीद है।
शुक्रवार और शनिवार के बाद रविवार को भी झमाझम बारिश हुई। जबरदस्त बारिश ने गांव से लेकर शहर तक गलियों तक में जलभराव हो गया। कई घरों के अंदर तक पानी भर गया, जिसे लोगों ने मशक्कत कर बाहर निकाला। बारिश थमने के बाद भी आसमान में कभी हल्के बादल तो कभी धूप खिलती रही। दिन भर मौसम रंग बदलता रहा। तीन दिन से लगातार बारिश के कारण पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हो रहे लोगों को काफी राहत मिली।
रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रह गया तो न्यूनतम तापमान भी 27डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही आर्द्रता 70 फीसदी से अधिक रही तो 10 से 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक से हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले सोमवार तक लगातार रोजाना बारिश की उम्मीद है जो कि लोगों को उमस-गर्मी से राहत देगी तो वहीं गन्ना और धान की फसल के लिए भी अच्छी रहेगी। किसानों ने धान फसल की रोपाई तेज कर दी है।