जिले भर में ईस्टर का पर्व मनाया गया। क्रूस पर चढ़ाए जाने की तीन दिन बाद प्रभु यीशू के पुन: जीवित होने पर अनुयायियों ने हर्ष जताया। सभी गिरजाघरों में विशेष कार्यक्रम और प्रार्थना सभाएं हुईं। इसके साथ ही जुलूस निकालकर प्रभु के गीतों का गान किया गया। ईसाई समाज के लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी।
ईस्टर पर सुबह के समय सनराइज सर्विस का आयोजन किया गया। ईसाई समाज के लोगों ने जुलूस निकाला और प्रभु यीशु का गुणगान किया। सिविल लाइंस स्थित मेथोडिस्ट चर्च में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचने शुरू हो गए। चर्च के फादर महबूब मसीह ने कहा कि लोगों को शांति, प्रेम और दया को अपनाना चाहिए। इसके बाद लोगों ने प्रभु यीशु की प्रार्थना की। साथ ही प्रभु यीशु के गीत गाए। प्रेयिस हिल्स वीएमआई वर्शिप सेंटर में ईस्टर पर्व पर अराधना की गई।
पास्टर राजन बी लाल ने बाइबिल से बताया कि प्रभु यीशू ने कहा कि पिता परमेश्वर मुझे इस लिए प्रेम करता है कि मैं अपना प्राण देता हूं कि उसे फिर ले लूं। कोई उसे मुझसे छीनता नहीं वरन मैं उसे आप ही देता हूं। इसके बाद विशेष गीत गाए गए। इस दौरान प्रियंका राजन, आकांक्षा, राजन, अजय, विजय, संजीव मसीह, रवि, लक्की, दिलीप आदि मौजूद रहे। इसके साथ ही शहर के द साल्वेशन आर्मी चर्च, असेंबली ऑफ बिलीवर्स चर्च, असेंबली ऑफ गॉड चर्च समेत अन्य चर्च में भी ईस्टर का पर्व मनाया गया। पास्टर ने प्रभु यीशुू मसीह के जीवित होने के उपलक्ष्य में वचन पेश किए साथ ही सबसे प्रेम और शांति के साथ रहने की अपील की।
इस दौरान कहा कि प्रभु यीशूु मसीह ने बुराई के ऊपर जीत प्राप्त की। लोगों ने उन्हें दुख दिया, मारा और दफनाया लेकिन, फिर भी तीसरे दिन वो जीवित हो गए और लोगों के उद्धार के लिए कार्य किए। सिटी ऑफ डेविड चर्च में भी ईस्टर पर प्रभु यीशू आ मुझमें तू अपना घर बना ले...वर्शिप गीत गाया गया। आरंभ प्रार्थना रमेश ने की। इसके बाद गीत गाए गए। विशेष गीतों में अभिषेक, जोजफ मसीह और अभि ने गीत प्रस्तुत किए। सीनियर पासवान आरबी सिंह ने अंतिम प्रार्थना की।