रामपुर में शनिवार को सीएमओ दफ्तर में संविदा पद पर नियुक्ति के साक्षात्कार के लिए चयनित आवेदकों की सूची देखते अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला
स्वास्थ्य विभाग में सीएमओ के अधीन नेशनल हेल्थ मिशन और अन्य योजनाओं के तहत संविदा पर होने वाली नियुक्ति के लिए सोमवार से साक्षात्कार शुरू होंगे। शनिवार को सीएमओ कार्यालय पर साक्षात्कार के लिए चयनित आवेदकों की सूची चस्पा कर दी गई। 191 पदों के लिए 4108 दावेदार हैां। करीब साढ़े चार हजार आवेदन कार्यालय को प्राप्त हुए, जिसमें चार सौ आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।
शनिवार सुबह से ही सीएमओ कार्यालय पर संविदा पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन करने वालों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। फरवरी माह में सीएमओ कार्यालय की ओर से 191 संविदा पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञप्ति जारी कर आवेदन मांग गए थे। सोमवार से चयन के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू होगी। शनिवार को साक्षात्कार के लिए चयनित आवेदन-पत्रों की सूची चस्पा कर दी गई।
तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत रखे जाने वाले संविदाकर्मियों की सूची रविवार को चस्पा की जाएगी। सीएमओ डा. शंकर लाल सारस्वत ने बताया कि अनिवार्य योग्यता न रखने वाले और मांगे गए प्रमाण पत्र न लगाने वाले लोगों के आवेदन निरस्त किए गए हैं।