इंटेक रूहेलखंड चैप्टर के संयोजक नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने कहा कि रामपुर ऐतिहासिक शहर है। यहां विश्व विख्यात धरोहरें हैं। रजा लाइब्रेरी के अलावा हामिद मंजिल, किला, खासबाग पैलेस, रठोंडा का प्राचीन शिव मंदिर और पीपली वन आकर्षण का केंद्र हैं।
विश्व पर्यटन दिवस पर इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटेक) की ओर से रामपुर को टूरिज्म मैप पर लाने के लिए इंटेक रूहेलखंड चैप्टर की बैठक हुई। बैठक में शासन और प्रशासन के प्रयासों को सराहा गया। साथ ही गांधी समाधि से गायब चार शंख बरामद किए जाने की मांग की गई।
विज्ञापन
यूपी पर्यटन निगम के पूर्व चेयरमैन व इंटेक रूहेलखंड चैप्टर के संयोजक नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां के आवास नूर महल में आयोजित बैठक में धरोहरों के संरक्षण के लिए जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के गठन की प्रशंसा की गई। नवेद मियां ने कहा कि रामपुर ऐतिहासिक शहर है। यहां विश्व विख्यात धरोहरें हैं। रजा लाइब्रेरी के अलावा हामिद मंजिल, किला, खासबाग पैलेस, रठोंडा का प्राचीन शिव मंदिर और पीपली वन आकर्षण का केंद्र हैं।
उन्होंने कहा कि गांधी समाधि ऐसी धरोहर है, जो दिल्ली के बाद रामपुर में ही है। अंतिम शासक नवाब रजा अली खां खुद बापू की अस्थियां यहां लाए थे। सपा शासन में गांधी समाधि पर लगे शंख गायब होने की बात पर नाराजगी जाहिर की, कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि यह शंख कहां गए। अगर यह शंख चोरी हुए तो पुलिस प्रशासन ऐतिहासिक महत्व के इन चार शंखों को बरामद करे।