रामपुर। डीएम अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित राजस्व कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही बरतने पर आबकारी अधिकारी का वेतन रोकने और चार मंडी सचिवों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर डीएम ने जिला आबकारी अधिकारी का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं में शामिल कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा मंडियों से आय एवं आवक कम पाए जाने पर डीएम ने मंडी सचिव रामपुर, शाहबाद, मिलक एवं बिलासपुर को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मंडियों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने और आय-आवक बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।
डीएम ने धारा 24 के अंतर्गत लंबित पुराने वादों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।