रामपुर। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बीएलओ के प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यों को समयसीमा और गुणवत्ता पर करने के निर्देश दिए। बरेली रोड स्थित भारत गार्डन में आयोजित इस सत्र में जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलओ की कड़ी मेहनत सराहनीय है।
डीएम ने बताया कि जनपद में अब तक 96.5 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने निर्देश दिया कि 11 दिसंबर तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जाए। 16 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का के बाद सी कैटेगरी में शामिल लोगों को नोटिस जारी किए जाएंगे।प्रशिक्षण के दौरान गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, मतदाता विवरण सत्यापन तथा डेटा मिलान संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि प्रपत्रों में दर्ज प्रत्येक जानकारी त्रुटिरहित होनी चाहिए। पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं और अपात्र या मृत व्यक्तियों के नाम निर्धारित नियमों के तहत हटाए जाएं। यहां उप जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार वर्मा सहित संबंधित अधिकारीगण एवं बीएलओ उपस्थित रहे।