रामपुर। उर्वरक, बीज एवं पेस्टीसाइड दुकानों का उप निदेशक कृषि नरेंद्र पाल ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जनपद के विभिन्न पेस्टीसाइड, उर्वरक बीज के दुकानों से पेस्टीसाइड के आठ नमूने एवं बीज के 12 नमूने तथा उर्वरक का एक नमूना लिया गया। इन नमूनों को प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।
निरीक्षण के समय श्याम एग्रो एजेंसी सदर रामपुर, यूनाइटेड केमिकल्स एग्रीजंक्शन रामपुर, लोधी कीटनाशक स्टोर पटवाई, औद्यानिक एवं विपणन समिति पटवाई रामपुर की दुकानें बंद पाई गईं। इन सभी से दुकानें बंद करने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। मैसर्स सैनी खाद भण्डार सदर रामपुर, मैसर्स पंजाब खाद स्टोर मिस्टन गंज एवं भारत एग्रीकल्चर केंद्र के अभिलेख अपूर्ण पाए गए। इन तीनों दुकानदारों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। कृषि विभाग खरीफ मौसम में उच्च गुणवत्तायुक्त कृषि निवेशों की बिक्री किसानों में सुनिश्चित कराए जाने के लिए कृत संकल्पित है। निरन्तर औचक निरीक्षण की कार्रवाई की जाती रहेगी तथा निरीक्षण में कमियां मिलने पर दुकानदारों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, कीटनाशी अधिनियम एवं उर्वरक नियंत्रण आदेश में निहित प्रावधानों के अधीन कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।