रामपुर। जिले में उर्वरक उपलब्धता और वितरण व्यवस्था के लिए नामित किए गए नोडल अधिकारी जेपी चौधरी ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न खाद बिक्री केंद्रों, इफ्को गोदामों और समितियों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक चेक किया गया और वितरण और उपलब्धता की जानकारी ली गई।
जिले में पिछले कुछ दिनों यूरिया खाद को लेकर काफी हल्ला रहा। गुजरात से रैक आने के बाद किए गए वितरण और मानक से अधिक यूरिया खाद क्रय-विक्रय पर सख्त कार्रवाई के बाद अब निरीक्षण में हर जगह खाद की उपलब्धता पाई जा रही है। वहीं समितियों पर भी पहले की तुलना में भीड़ कुछ कम हुई है। शासन ने बफर स्टॉक और प्रीपोजीशिनिंग योजना के तहत भंडारित खाद के वितरण को भी मंजूरी दे दी है। जिसके बाद जिले में अब खाद की किल्लत नहीं है। खाद की उपलब्धता और वितरण को लेकर नोडल अधिकारी जेपी चौधरी ने शुक्रवार को जिला कृषि अधिकारी चंद्रगुप्त सागर के साथ विभिन्न समितियों और बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। इसमें रहसैना सोसायटी, आगापुर स्थित पीसीएफ गोदाम, सिमरिया समिति, केमरी समिति, इफ्को-ई बाजार आदि स्थानों पर निरीक्षण किया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि केमरी समिति निरीक्षण के दौरान बंद मिली। इफ्को ई-बाजार पर वितरण होते हुए पाया गया। कहीं भी कोई बड़ी अनियमितता नहीं पाई गई है।