रामपुर। जिला जज, जिलाधिकारी और एसपी ने शुक्रवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक बैरकों की जांच के साथ रसोई में बंदियों के लिए बन रहे भोजन की गुणवत्ता देखी। साथ ही कोविड-19 को देखते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
शुक्रवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल और जिला जज का काफिला दोपहर करीब दो बजे जिला कारागार पहुंचते ही कारागार प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने सबसे पहले कारागार के अस्पताल का निरीक्षण करने के साथ वहां तैनात चिकित्सक से दवाईयों एवं इलाज संबंधित जानकारी ली। इसके बाद प्रत्येक बैरकों की गहनता पूर्वक छानबीन भी। हालांकि, इस दौरान कुछ भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। साथ ही बंदियों को मेन्यूू के मुताबिक बनने वाले भोजन की गुणवत्ता को परखा। इसके बाद कोविड-19 से बचाव के लिए दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य को दिशा निर्देश दिए गए।