रामपुर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने नगर मजिस्ट्रेट के साथ एनआईसी स्थित इंटीग्रेटेट कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई कर्मी गैरहाजिर मिले, जिनसे जवाब-तलब किया गया है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व रामभरत तिवारी और सिटी मजिस्ट्रेट रामजी मिश्र ने निरीक्षण के दौरान ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर फैजान से कंट्रोल रूम में तैनात कार्मिकों के नियमित रूप से कार्य करने और विभिन्न सूचनाओं को संग्रहित करने के बारे में जानकारी प्राप्त की। द्वितीय पाली में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिफ्ट इंचार्ज व नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो मौके पर उपस्थित नहीं मिलीं। द्वितीय पाली में विभागवार कर्मियों में राजस्व विभाग के दो, स्वास्थ्य विभाग के दो, पशुपालन विभाग के एक, पुलिस विभाग से एक कर्मचारी मिले। वहीं, नगर पालिका एवं जिला पंचायत राज विभाग से कोई भी कर्मचारी उपस्थित नहीं मिला। राजस्व विभाग से द्वितीय पाली में फरीद तथा अंकुश कुमार कंट्रोल रूम में उपस्थित मिले। जिन्होंने बताया कि तहसीलवार जनपद के बाहर से आए प्रवासी मजदूरों व कामगारों की सूचना एवं आश्रय स्थलों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर विवरण पंजिका में दर्ज किया जा रहा है। एडीएम ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत निगरानी समितियों द्वारा सम्पादित कार्यों का प्रतिदिन फीडबैक लेकर पंजिका में अंकित करने को निर्देशित किया। स्वास्थ्य विभाग से तैनात डॉ. शाहनवाज ने बताया कि जिला अस्पताल एवं होम आइसोलेशन में भर्ती मरीजों से दूरभाष पर संपर्क कर इसकी जानकारी पंजिका में दर्ज की जा रही है।
एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट ने निर्देशित किया कि दूरभाष पर भर्ती मरीजों से कोविड वार्डों की स्थिति, चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, मरीजों की देखभाल किए जाने के संबंध में भी जानकारी प्राप्त करें तथा इसकी भी मॉनिटरिंग कराएं कि चिकित्सकों द्वारा वार्ड में नियमित रूप से भ्रमण किया जा रहा है या नहीं। इसके अतिरिक्त कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती किए गए मरीजों की प्रत्येक चार घंटे की सूची कंट्रोल रूम में उपलब्ध कराई जाए। नगर पालिका से मुकर्रम की तैनाती की गई, जो मौके पर उपस्थित नहीं पाए गए, जिस पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी को संबंधित कर्मचारी का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया।
कंटेनमेंट जोनों में सैनिटाइजेशन एवं बैरिकेडिंग कराए जाने के संबंध में जानकारी करने पर बताया गया कि जनपद में अभी तक कुल 1762 कन्टेनमेंट जोन में से सभी 1762 में बैरिकेडिंग और 1682 जोनों में सैनिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।