पटवाई। खाना खाने एक होटल पहुंचे तीन दोस्तों के भोजन में कीड़े निकलने का मामला सामने आया है। यही नहीं, आरोप यह भी है कि विरोध जताने पर तीनों दोस्तों को होटल के कर्मचारियों ने जमकर पीटा है। इनके सिर में चोट आई है। माैके पर पहुंची पुलिस पीड़ितों को थाने लाई थी। घटना बृहस्पतिवार रात की है।पीड़ित दोस्तों का कहना है कि खाने में कीड़े होने का उन्होंने विरोध किया तो होटल मालिक उन्हें गालियां देने लगा। तीन कर्मचारी उन्हें पकड़ने को दौड़े तो वह भागने लगे थे लेकिन, उन कर्मियों ने उन तीनों दोस्तों को दौड़ाकर पकड़ लिया और फिर जमकर मारा-पीटा। बाद में पीड़ित तीनों लोग थाने पहुंचे, जहां एक की तहरीर पर पुलिस ने होटल मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के गोसमपुर निवासी नरेंद्र बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे अपने दोस्त नदीम व राजेश के साथ कस्बे के होटल पर भोजन करने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि जब टेबल पर आई भोजन प्लेट में कीड़े दिखे तो उन्होंने इस बात का विरोध किया, जिस पर होटल मालिक ने गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसके बाद तीनों सामने के दूसरे होटल में खाना खाने के लिए चले गए। आरोप है कुछ देर बाद होटल का मालिक भूरा और आसिफ व दो होटल के कारीगर हाथों में लोहे की राॅड व पाटल व लाठी-डंडे लेकर आ गए और उन पर हमला कर दिया, जिससे उन तीनों के सिर में चोटें आई हैं।
मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस सभी को थाने ले आई। जिसके बाद पुलिस ने नरेंद्र की तहरीर के आधार पर होटल मालिक भूरा व आसिफ और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सभी का मेडिकल कराया गया है। थानाध्यक्ष संदीप मिश्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर होटल मालिक भूरा समेत चार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। प्रकरण की जांच कर रहे हैं।