रोशनबाग औद्योगिक क्षेत्र में बंद पड़ी फैक्ट्री। अमर उजाला
प्लाट आवंटन रद्द किए जाने के विरोध में उद्यमियों ने बुधवार से हड़ताल शुरू कर दी। अजीतपुर और रोशनबाग की 73 इकाइयों पर उद्यमियों ने ताला डाल दिया। एलान किया कि जिला प्रशासन की एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। जिलाधिकारी को आवंटन रद्द करने का अधिकार नहीं है। बताते चलें कि मंगलवार शाम हुई उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने रोशनबाग और अजीतपुर के 29 उद्यमियों का प्लाट आवंटन रद्द करने का प्रस्ताव पास कर दिया था।
जिलाधिकारी की घोषणा के बाद उद्यमियों ने विरोध शुरू दिया था। जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त का घेराव किया था। फैसले के विरोध में कोर्ट जाने की बात कही थी। उद्यमियों ने हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया था। बुधवार को रोशनबाग और अजीतपुर के उद्यमियों ने अपनी फैक्ट्री में कामकाज बंद कर दिया। जानकारी के मुताबिक अजीतपुर और रोशनबाग की 73 औद्योगिक इकाइयों में बुधवार को कामकाज ठप रहा। इन इकाइयों में मजदूर काम करने आए, लेकिन उनको वापस भेज दिया गया। उद्यमी फैक्ट्रियों में बैठक कर रणनीति बनाते रहे।
उद्यमी कपिल आर्या ने बताया कि बुधवार से हमारा आंदोलन शुरू हो गया है। अजीतपुर और रोशनबाग की अधिकांश इकाइयों में कामकाज बंद हो गया है। जिला प्रशासन राजनीतिक दबाव में रामपुर की औद्योगिक इकाइयों को बंद करा देना चाहता है। प्रतिदिन कोई न कोई नोटिस भेजा जा रहा है। बिजली विभाग ने कई उद्यमियों का कनेक्शन गलत ढंग से काट दिया। अब हम नहीं झुकेंगे। हम अपनी बात सरकार तक पहुंचाएंगे, कोर्ट की शरण में जाएंगे।