रामपुर। शहर के दो बड़े कारोबारियों की तीन प्लाईवुड फैक्टरियों में आयकर विभाग की टीम ने चौथे दिन भी जांच जारी रखी। टीम लगातार खरीद-बिक्री के रजिस्टर सहित विभिन्न वित्तीय अभिलेखों की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक कार्रवाई जारी थी और विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
आयकर विभाग की टीम फैक्टरी मालिक नईम खां उर्फ बबलू और मुन्नन खां से जुड़ी कंपनियों तथा अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रही है। नईम खां उर्फ बबलू मुरादाबाद के पूर्व सपा सांसद एसटी हसन के समधी हैं।
देर शाम तक अधिकारी फैक्टरी परिसर में मौजूद रहकर खरीद-फरोख्त, कारोबारी लेनदेन और भुगतान से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच करते रहे। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीआरपीएफ बल भी तैनात रहा।
आयकर विभाग की लगातार चल रही जांच से संबंधित कारोबारियों में खलबली का माहौल बना हुआ है।