पाकिस्तान में नये प्रधानमंत्री के लिए इमरान खान की ताजपोशी लगभग तय हो गई है। पाकिस्तान के चुनाव आयोग ने मतदान के तीसरे दिन अंतिम रिजल्ट जारी कर दिया है। इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने 119 सीटों पर जीत दर्ज की है। इमरान खान की पार्टी को जो जीत हासिल हुई है उसमें अहम भूमिका पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी की है। कसूरी रामपुर के नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां के मामा हैं।
खुर्शीद महमूद कसूरी 2002 से 2007 तक पाकिस्तान के विदेश मंत्री रहे हैं। कसूरी इन दिनों इमरान खान के मुख्य सलाहकार हैं। वहां संपन्न हुए चुनावों में कसूरी ने ही चुनाव की रणनीति तैयार की थी। कसूरी का रामपुर से भी ताल्लुक है, वह लोहारू परिवार से संबंध रखते हैं और पूर्व सांसद बेगम नूरबानो के रिश्ते में भाई लगते हैं। पिछले दिनों नवेद मियां के बेटे की शादी में भी कसूरी शामिल होने आए थे।
नवेद मियां जब भी पाकिस्तान जाते हैं, कसूरी के मेहमान होते हैं। नवेद मियां ने बताया कि वह सितंबर माह में पाकिस्तान जाने वाले हैं, जहां वह कसूरी के साथ-साथ इमरान खान से भी मुलाकात करेंगे। नवेद मियां के मुताबिक कसूरी इमरान खान के मुख्य सलाहकार हैं। इस स्थिति में दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार आने की संभावना है, क्योंकि कसूरी साहब भारत-पाक के बीच अच्छे रिश्तों के पक्षधर हैं।