अवैध खनन को लेकर अमर उजाला की खबर का असर हुआ है। खबर छपने के बाद खनन अधिकारी ने धम्मन गांव में तहसीलदार और पुलिस के साथ छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अफसरों ने मौके से दो लोगों को अवैध खनन करते हुए गिरफ्तार कर लिया। जिनका बुधवार को चालान कर दिया गया। वहीं मौके से अवैध खनन से भरी रेत की एक ट्रैक्टर-ट्राली को भी जब्त कर लिया। जिसे त्रिवेणी शुगर में खड़ा कर दिया गया है। खनन विभाग की कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।
स्वार और दढ़ियाल के कोसी नदी घाटों पर धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। खनन माफिया ओवरलोड खनन वाहनों को संचालित करा रहे हैं। अवैध खनन और ओवरलोड खनन वाहनों के संचालन से ग्रामीण परेशान हैं वहीं प्रशासन को भी राजस्व का चूना लग रहा है। खनन माफिया इस कदर बेखौफ होकर अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं कि ग्रामीणों से मारपीट व फायरिंग करने के साथ ही अफसरों तक को धमका रहे हैं। अमर उजाला में दढ़ियाल क्षेत्र के धम्मन गांव में अवैध खनन को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने इस पर कार्रवाई की है।
मंगलवार देर रात खनन अधिकारी यदुनाम राम ने तहसीलदार टांडा महेंद्र बहादुर सिंह और पुलिस बल के साथ धम्मन गांव में कोसी नदी के घाट पर किए जा रहे अवैध खनन पर छापामार कार्रवाई की। पुलिस को आता देख मौके पर मौजूद खनन माफिया भाग खड़े हुए लेकिन पुलिस ने भाग रहे दो अवैध खनन धंधेबाजों को दबोच लिया। इसके साथ ही मौके से अवैध खनन के रेते से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली भी सीज की गई जिसे पुलिस अभिरक्षा में त्रिवेणी शुगर मिल में खड़ा करवा दिया गया है। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम आसिफ व शाहिद निवासी धम्मन गांव बताए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है।