भोट। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापामार कार्रवाई कर एक बाग से अवैध असलहों का एक तस्कर व दो खरीदार गिरफ्तार कर लिए। वहीं तस्करी का मुख्य आरोपी अवैध असलहे को मौके पर ही फेंकते हुए पुलिस टीम को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने मौके से गिरफ्तार तस्कर व दोनों खरीददारों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मंगलवार दोपहर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के लाला वाला बाग के पास एक आम के बाग में कुछ हथियार तस्कर स्थानीय लोगों को अवैध असलहे बेच रहे हैं। जिस पर थानाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह ने भारी फोर्स के साथ बाग के घेराबंदी कर ली। पुलिस टीम को देख बाग में मौजूद लोग भागने लगे। इस दौरान पुलिस टीम ने तीन लोगों को दबोच लिया। वहीं एक व्यक्ति मौके पर एक तमंचा व एक कारतूस फेंककर फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस टीम ने मौके से गिरफ्तार हथियारों के तस्कर नासिर को दो तमंचे व दो कारतूस तथा हथियार खरीदने आए अकबर को एक रायफल व तीन कारतूस तथा मंजूर को एक तमंचा व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुतातबक हथियार फेंककर फरार होने वाला मुख्य आरोपी शाहिद है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भोट पुलिस ने अवैध असलहे बेचने व खरीदने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
डॉ. संसार सिंह, एएसपी