सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में शुक्रवार को मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव जवाहर लाल एक बार फिर कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने कोर्ट में केस चलाने की अनुमति देने से संबंधित पत्रावलियों को पेश किया। कहा कि केस चलाने के लिए जो अनुमति मांगी गई थी उस पर शासन के अनुमोदन को उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया था। अब इस मामले की सुनवाई 24 जून को होगी।
शुक्रवार को कोर्ट में मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव जवाहर लाल को गवाह के तौर पर सेशन कोर्ट में पेश किया गया। वह पत्रावलियों के संग अदालत पहुंचे थे। इन पत्रावलियों के आधार पर कोर्ट में उनकी गवाही भी हुई।
गवाही के दौरान उन्होंने पूर्व में दिए गए बयान का समर्थन किया, साथ ही केस चलाने की शासन से मांगी गई अनुमति के अनुमोदन को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करने की बात अदालत में कही। अब इस मामले की सुनवाई 24 जून को होगी। इससे पहले इस आतंकी हमले के सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान पुलिस व पीएसी के साथ जवानों के साथ ही पुलिस अफसर भी मौजूद रहे। कोर्ट परिसर को इस दौरान छावनी में तब्दील किया गया था।